बैरिया। पुलिसकर्मियों के साथ मेडिकल कराने सोमवार को सोनबरसा अस्पताल में गए युवक को रुपये नहीं देने पर चिकित्सक ने भगा दिया। युवक ने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को बुला लिया। युवक को पुलिस थाने ले गई और मुंशी ने यह कहकर घर भेज दिया कि कल मेडिकल करवा दिया जाएगा।
सोनबरसा अस्पताल में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट में घायल नौ लोग मेडिकल मुआयना कराने गए थे। वे अस्पताल में बैठे थे कि एसडीएम निरीक्षण करने पहुंच गए। एसडीएम के जाने के बाद ड्यूटी पर मौजूद चिकित्साधिकारी के सहयोगी ने मेडिकल के लिए 200 रुपये जमा करने को कहा। आठ लोगों ने 200-200 रुपये जमा करके मेडिकल बनवा लिया। युवक संजय कुमार शर्मा निवासी सुरेमनपुर ने पैसा देने में असमर्थता जताई तो चिकित्सक ने मेडिकल बनाने से इनकार कर दिया। युवक ने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को बुला लिया। बदमाशों ने 28 अप्रैल की रात 10 बजे एक शादी समारोह से लौटते समय चिरैया मोड़ पर संजय शर्मा से बाइक छीनने का प्रयास किया और इस दौरान उससे मारपीट की गई। वह 29 अप्रैल से लगातार मेडिकल बनवाने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ सोनबरसा अस्पताल जा रहा है।
पैसा मांगने की बात गलत व बेबुनियाद है। अकेले कई मरीजों का इलाज किया उसके बाद 12 लोगों का मेडिकल बनाया। बैरिया थाना को भी मेडिकल के लिए घायलों को पीएचसी कोटवां ले जाना चाहिए। कई बार मना करने के बावजूद वे भी यहीं आ जाते हैं।- डॉ विजय कुमार यादव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी