मंगलवार को मुख्य तहसील दिवस पर डीएम यशवंत राव ने समस्या लेकर पहुंचे छह फरियादियों को जेल भिजवा दिया। कार्रवाई से नाराज लोगों ने डीएम पर मनमानी का आरोप लगाया।
तहसील दिवस का बहिष्कार कर घर लौट गए। पूरे दिन चलने वाला तहसील दिवस दो घंटे में खत्म हो गई। इस दौरान तहसील दिवस से वापस लौट रहे डीएम की कार को कुरेम गांव में सैकड़ों महिलाओं ने घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद एसपी राजूबाबू सिंह ने महिलाओं को हटवाया। तब जाकर डीएम की कार रवाना हुई।
मुख्य तहसील दिवस पर रसड़ा क्षेत्र के जाम गांव निवासी भरत सिंह गांवके चकरोड पर अतिक्रमण के विरोध में फरियाद लेकर तहसील दिवस में आए थे।
डीएम ने उसपर मनमानी का आरोप लगाते हुए जेल भेजने का आदेश दे दिया। इसी क्रम में थाना क्षेत्र के अजीजपुर खड़सरा निवासी पूर्व प्रधान विवेकानंद यादव सैकड़ों महिला पुरुषों के साथ कोटेदार के विरुद्ध फरियाद लेकर तहसील दिवस पहुंचे,
जहां डीएम ने उन्हें भी जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद कुरेम बसंतपुर खजुहा गांव की सैकड़ाें महिला व पुरुषाें के साथ समाजसेवी रामप्रवेश राजभर कोटेदार के विरुद्ध शिकायती पत्र लेकर पहुंचे। डीएम ने उन्हें भी जेल भेजने का आदेश दिया।
इसी प्रकार अठिलापुरा निवासी अजय कुमार, पचवार गांव निवासी भूपेंद्र नाथ सिंह और लल्लन को भी डीएम ने नेतागिरी करने का आरोप लगाते हुए जेल भेज दिया।
इसके बाद फरियादियों का गुस्सा फुट पड़ा और डीएम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों ने तहसील दिवस का बहिष्कार कर दिया और लौट गए। इसके बाद तहसील से बाहर निकल रहे डीएम के कार को नाराज कुरेम गांव की महिलाओं ने घेर लिया और जमकर नारेबाजी करने लगीं।
एसपी ने महिलाओं को समझाबुझाकर हटवाया। इस मौके पर सीडीओ के बालाजी, एसडीएम अनिल कुमार मिश्रा, तहसीलदार आईएएस अनुज कुमार सिंह, डीएसओ रामेंद्र यादव, बीएसए राकेश सिंह,
समाज कल्याण अधिकारी उपेंद्र नारायण सिंह, जिला पिछड़ा कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, उप कृषि निदेशक टीपी शाही, सीओ कृष्ण चंद्र सिंह, एक्सईएन बलिया ऋषि कुमार, बीडीओ अजीत सिंह, नगरा एसओ कुंवर कंचन सिंह आदि मौजूद रहे। कुरेम, बसंतपुर, खजुहा, अजीजपुर खड़सरा गांव
की महिलाओं ने चेताया कि अगर जेल भेजे गए लोगाें को तत्काल नहीं छोड़ा गया तो रसड़ा तहसील पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ी तो भूख हड़ताल पर बैठेंगी। मुख्य तहसील दिवस पर मात्र 110 आवेदन प्रस्तुत किए गए। इसमें से मात्र 12 का मौके पर निस्तारण हो सका।