मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में एक मिनी डेयरी कामधेनु योजना की समीक्षा बैठक शनिवार को विकास भवन के सभागार में की गई। इसमें डीएम ने बैंक प्रबंधकों की जमकर क्लास लगाई।
कुछ लापरवाह शाखा प्रबंधकों के विरुद्ध उनके उच्चाधिकारियों व रिजर्व बैंक के अधिकारियों को पत्र लिखने का निर्देश सीडीओ को दिया। साथ ही अनुपस्थित बैंकर्स पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि लाभार्थियों को दौड़ाने की शिकायत मिलती रहती है, जो अत्यंत आपत्तिजनक है।
कहा कि लाभार्थियों के चयन में तेजी लाया जाए। चयन के बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए हरियाणा स्थित करनाल भेजा जाएगा। कहा कि लाभार्थियों को बैंक द्वारा परेशान करने की शिकायत मिलती है। इससे योजना के संचालन पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। बैठक में विभिन्न ब्लाकों से आए लाभार्थियों ने कुछ बैंकों की शिकायत की। इस दौरान डीएम ने संबंधित मैनेजर से पूछताछ की और क्लास लगाई।
साथ ही यूनियन बैंक आफ इंडिया बांसडीह के प्रबंधक के खिलाफ पत्र भेजने को कहा। उधर पीएनबी रसड़ा के मैनेजर के बेहतर कार्य पर सराहा। साथ ही ऐसे बैंक मैनेजरों से सीख लेने को कहा। उन्होंने सीवीओ सुनील कुमार को निर्देश दिया कि जो भी फाइलें बैंक से लौटती हैं उसके बारे में अवगत कराया जाए। कहा कि अनावश्यक रूप से फाइल लौटाने की दशा में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिया कि बैंकर्स पर नियंत्रण रखें। ध्यान रहे कि बैंक जनता के हित में कार्य करे। इस मौके पर वशिष्ठ नारायण पांडेय, विनोद सिंह के साथ विभिन्न ब्लाकाें के लाभार्थी मौजूद रहे।