बसंतपुर स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र के निरीक्षण के दौरान नक्शा देते जिलाधिकारी एमपी सिंह। सूच
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को वसंतपुर स्थित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) प्लांट का निरीक्षण किया। प्लांट परिसर में कूड़े का अंबार देखकर भड़क गए। शनिवार से प्लांट को चालू करने के निर्देश दिए।
प्लांट संचालक ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा जबरन प्लांट परिसर में कूड़ा डंप कर दिया गया है। कूड़ा निस्तारण के जमीन की भी कमी पड़ रही है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल अपर जिलाधिकारी (एडीएम) एवं लेखपाल को मौके पर बुलाकर नक्शे के आधार पर अतिरिक्त भूमि का चिह्नांकन कराया। निर्देश दिए कि चिह्नित भूमि का तत्काल निरीक्षण कर वहां तक पहुंचने के लिए यदि रास्ता नहीं है तो प्राथमिकता के आधार पर मार्ग का निर्माण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि उपलब्ध होने के बावजूद नगर पालिका परिषद की ओर से उसका उपयोग नहीं किया गया, जो गंभीर लापरवाही है। चेतावनी दी कि इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्लांट परिसर में कूड़े का अंबार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्लांट संचालक को निर्देश दिए कि शनिवार से हर हाल में प्लांट का संचालन शुरू किया जाए। साथ ही तहसीलदार, लेखपाल एवं प्लांट संचालक को मौके पर जाकर भूमि का अंतिम रूप से चिह्नांकन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एसडीएम अनिल कुमार, प्लान संचालक अभिनाश कुमार सिंह, तहसीलदार अतुल हर्ष, लेखपाल एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।