नगर के टीडी कालेज से परीक्षा देने के बाद अपने गंतव्य को जाते परीक्षार्थी।संवाद
बलिया। शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के पहले दिन शहर में लगे भीषण जाम से सबक लेते हुए जिला प्रशासन दूसरे दिन मुस्तैद नजर आया। यातायात व्यवस्था में बदलाव, चौराहों को अतिक्रमण मुक्त रखने और स्कूलों की छुट्टी का समय बदलने का असर यह रहा कि शुक्रवार को राहत मिली।
पुलिस स्थित कंट्रोल कक्ष से सभी चौराहे पर नजर रही। प्रशासन ने शुक्रवार और शनिवार के लिए शहर व आसपास के विद्यालयों की छुट्टी सुबह 11 बजे करा दी। ताकि परीक्षा समाप्त होने के समय स्कूली वाहनों का दबाव न बढ़े। पहले दिन जाम के कारण कई स्कूली बच्चे एक से डेढ़ घंटे की देरी से घर पहुंचे थे और तेज धूप व उमस के बीच बसों में फंसे थे।
यातायात कर्मियों के अलावा कोतवाली पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी। ठेले और अन्य अतिक्रमण हटवाए गए तथा सड़क किनारे किसी भी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया गया। परीक्षार्थियों के चारपहिया और दोपहिया वाहनों की पार्किंग पुलिस लाइन, टीडी कॉलेज, एससी कालेज, सब्जीमंडी मैदान में कराई गई। परीक्षा समाप्त होने के बाद वाहनों को चरणबद्ध तरीके से निकाला गया, जिससे जाम की स्थिति नहीं बनी।
यातायात नोडल अधिकारी एवं एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने बताया कि शनिवार को परीक्षा के अंतिम दिन भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। परीक्षार्थियों के वाहनों को स्कूलों के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों और पुलिस लाइन में खड़ा कराया जाएगा। प्रमुख चौराहों और मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाएगा तथा सड़क किनारे वाहन, ई-रिक्शा या ऑटो खड़े मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस रणनीति का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर साफ दिखाई दिया और पहले दिन की तुलना में दूसरे दिन लोगों को जाम से काफी राहत मिली।