दीपावली की मिठाई लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रही है। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में दीपावली के दूसरे दिन सबसे ज्यादा पेट दर्द, गैस, उल्टी दस्त के मरीज रहे। दर्द से कराहते मरीजों से परिजन से लेकर स्वास्थ्यकर्मी परेशान दिखे। इमरजेंसी में तैनात डाॅ. संतोष सिंह ने बताया कि त्योहार पर मिठाई व पकवान खाने के कारण ज्यादातर की तबीयत खराब हो गई।
इमरजेंसी में इलाज कराने आए दुबहड़ निवासी मनोज प्रसाद पेट दर्द से काफी परेशान रहे। चिकित्सक ने जांच के बाद तीन इंजेक्शन लगाया, काफी देर बाद राहत मिलने पर बताया कि श्री लक्ष्मी गणेश पूजा के लिए स्थानीय बाजार से रसगुल्ला व बर्फी मिठाई खरीद कर घर लाया था। सुबह में कई मिठाई खाने के बाद दोपहर में अचानक पेट में दर्द होने लगा, पास के एक क्लिनिक में दिखाया, वहां इंजेक्शन व दवा खाने के बाद भी राहत न मिलने पर परिजन जिला अस्पताल लेते आए। मनोज जैसे दो दर्जन लोग इमरजेंसी में पेट दर्द, गैस, उल्टी दस्त से परेशान होकर आए थे। इसमें कई मरीज इलाज के बाद घर चले गए। करीब 10- 12 मरीजों की हालत गंभीर होने पर भर्ती करना पड़ा। मंगलवार को दो दिन बाद जब जिला अस्पतला की ओपीडी खुली तो सबसे ज्यादा मरीज फिजिशियन व बालरोग विशेषज्ञ के यहां भीड़ थी। उसमें 80 प्रतिशत मरीज पेट दर्द व उल्टी दस्त की शिकायत लेकर आए थे। इसमें बच्चों की संख्या भी ज्यादा रही।