उभांव थाना क्षेत्र के मधुबन ढाले के संजय नगर के पास शुक्रवार की देर शाम पिकअप की टक्कर से एक दिव्यांग चाय वाला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल दिव्यांग को उसके पुत्र ने आटो के माध्यम से सीएचसी सीयर पहुंचाया, जहां से चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार दिव्यांग लक्ष्मण चौरसिया (42 वर्ष) चौकियां मोड़ के समीप स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने अपनी पत्नी के साथ चाय बेचकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। शुक्रवार की देर शाम वह अपनी दुकान बंद कर गांव के ही एक व्यक्ति के बाइक पर बैठ कर अपने घर जा रहे थे। वह मधुबन ढाले के संजय नगर के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज गति से आ रही एक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी।इससे वह उछल कर दूर जा गिरे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसका दाहिना पैर घुटने से नीचे टूट कर अलग हो गया। बाइक चलाक युवक बाल बाल बच गया।