सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के जंगली बाबा कुटी कठौड़ा के समीप स्नान करते समय मंगलवार को सरयू में डूबे किशोर का शव बुधवार की सुबह गोताखोरों द्वारा निकालने में सफलता मिली। करीब तीन घंटे के अथक तलाश के बाद किशोर का शव घटना स्थल से कुछ दूरी पर मिला। पुलिस ने मृतक राज के शव को पंचनामा करने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है।
थाना क्षेत्र के करमौता गांव निवासी अश्वनी ठाकुर (15), चंदन वर्मा (12), लंगड़ा (14), पंकज पासवान (13) एवं राज शर्मा (15) मंगलवार को कठौड़ा गांव के पश्चिम तरफ स्थित जंगली बाबा कुटी पर घूमने गए थे। सभी पांचों किशोर कुटी के बगल में स्थित सरयू नदी में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय ही राज शर्मा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। राज के डूबने के बाद सभी किशोर भयभीत हो गए और घबराहट में बिना शोर मचाये व किसी से कुछ कहे वहां से भाग कर अपने अपने घर आ गए। घर आकर उन्होंने अपने परिवार वालों को घटना के बारे में जानकारी दिया। इसके बाद परिजन राज के घर जा कर घटना की जानकारी दिया तो परिवार वालों में कोहराम मच गया। उनके साथ ही समाजसेवी सियाराम शर्मा व कठौड़ा के प्रधान कृष्ण कुमार उर्फ छोटक चौधरी भी घटना स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बुलाया और नदी में जाल डलवाकर करीब ढाई घंटे तक राज के शव की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। तब निराश होकर देर शाम को सभी नदी से वापस आ गए। दूसरे दिन बुधवार की सुबह भी थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह मौके पर पहुंच कर अपनी देखरेख में तलाशी अभियान चलाया और करीब तीन घंटे बाद नदी से राज का शव गोताखोरों ने नदी से निकाला।