बलिया। शहर के जेपी नगर निवासी उजाला वर्मा (25) ने पति से विवाद के बाद मायका जेपी नगर में बृहस्पतिवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पिता गुड्डू वर्मा की तहरीर पर पति रोहित सहित चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने पति व देवर को गिरफ्तार कर लिया।
सदर कोतवाली के रामपुर महावल गांव निवासी रोहित वर्मा की शादी एक वर्ष पूर्व जेपी नगर निवासी उजाला वर्मा के साथ प्रेम विवाह परिजनों की रजामंदी से हुआ था। उसके बाद पति-पत्नी सूरत कमा रहे थे। एक माह पूर्व दोनों घर लौटकर आए। पत्नी मायका जेपी नगर चली गई। दो दिन पूर्व रोहित ससुराल गया तो ससुराल वालों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। ससुर गुड्डू वर्मा यहीं पर दुकान खोलने की बात कह रहे थे। विवाद होने से नाराज होकर रोहित रामपुर महावल लौट आया। मायके वालों के ताना मारने व पति से किसी बात को लेकर कहासुनी होने पर उजाला ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाल क्षितिज त्रिपाठी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पिता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर पति व देवर को गिरफ्तार किया गया है।