घरेलू हिंसा के लिए पीड़िता को अब थाने का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा। उनके लिए राज्य सरकार ने 181 हेल्पलाइन शुरू की है। जिसका सेंटर कुछ जिलों में खुल गया है। बहुत जल्द ही जिले में भी खुल जाएगा। यह बातें महिला समाज कल्याण की दर्जा प्राप्त मंत्री मीना तिवारी ने सोमवार को बैरिया डाक बंगले में प्रेसवार्ता के दौरान कही।
कहा कि सरकार महिलाओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। जिसमें से एक 181 हेल्पलाइन योजना भी है। इस हेल्पलाइन पर फोन करने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा पीड़िता के घर गाड़ी भेजकर उसको सेंटर पर लाया जाएगा और पुलिस, न्यायिक व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। यदि वह घर जाना चाहती है तो उसे घर भेज दिया जायेगा। अन्यथा की स्थिति में उसे तीन महीने तक खाने-पीने की व्यवस्था कर उसे काम करने की ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
जिससे वह अपना जीवन यापन कर सके। सीएचसी सोनबरसा पर वर्षों से महिला डॉक्टर न होने की बात पर तिवारी ने कहा कि बहुत जल्द यहां महिला डॉक्टर उपलब्ध करा दी जाएगी। इसके लिए मैं स्वाथ्य विभाग के अधिकारी से बात करूंगी। चुनाव लड़ने के बारे में बताया कि हाईकमान जो भी जिम्मेदारी देगा, उसका निर्वहन किया जाएगा। चंद्रशेखर तिवारी, नृपेंद्र मिश्र बागी, विनायक मौर्य, योगेंद्र यादव आदि मौजूद रहे।