डीजल और पेट्रोल के रेट कम होने के बावजूद टेंपो चालकों द्वारा
किराए कम नहीं किए जाने से नाराज लोगों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा।
सैकड़ों की संख्या में वे सड़क पर उतरकर सतहवार-बिसौली मार्ग को जाम कर
दिया। लोगों का कहना था कि इस बाबत कई बार उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई
गई, लेकिन किराया कम नहीं किया गया।
लगभग तीन घंटे बाद मौके पर पहुंचे
सहतवार थानाध्यक्ष रमाकांत यादव ने टेंपो चालकों से बात की जिस पर वे
किराया कम करने के लिए मान गए। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।
आंदोलनकारियों
का कहना था कि जब डीजल तथा पेट्रोल का दाम बढ़ा तो वाहन
चालकों ने किराए में बढ़ोतरी कर दी।
इधर केंद्र द्वारा लगातार
डीजल और पेट्रोल का दाम कम किए गए। इसके बावजूद वाहन चालक की ओर से किराए
कम नहीं किए गए, जो सरासर अन्याय है। वहीं इस संबंध में
क्षेत्रीयजनों ने दर्जनों बार एआरटीओ और जिलाधिकारी का ध्यान
आकृष्ट कराया। लेकिन कोई हल न होते देख अंतत: क्षेत्रीयजनों के सब्र का
बांध रविवार को टूट गया और वे एकजुट होकर जाम लगा दिया।
लगभग तीन घंटे बाद
मौके पर पहुंचे सहतवार थानाध्यक्ष ने टेंपो चालकों को बुलाकर इस बाबत बात
की, जिसपर वाहन चालक किराए कम करने पर राजी हो गए। सहतवार से खरौली का
किराया में एक रुपये की कमी की गई। अब पांच की बजाए चार रुपये निर्धारित कर
दी गई है।
इसी क्रम में सहतवार से बरियारपुर तक सात से छह रुपये, सहतवार
से परासिया तक आठ से सात रुपये, सहतवार से बिसौली तक आठ रुपये से सात
रुपये, सहतवार से हुसैनाबाद तक 12 रुपये से 10 रुपये, सहतवार से सुवरहां तक
15 रुपये से 12 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके बाद जाकर लोगों ने जाम
समाप्त किया। चक्काजाम करने वालों में प्रमुख रूप से लक्ष्मण
तिवारी, अभिनव तिवारी, बब्लू सिंह, ललन तिवारी, अमित यादव, पंकज
पासवान आदि रहे।