सतीश चंद्र कालेज में शिक्षक की पिटाई के विरोध में सोमवार को प्रदर्शन करते एसोसिएट प्रोफेसर।
- फोटो : ballia
नगर में छात्र व शिक्षकों के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अभी पिछले माह छात्रों व शिक्षकों के बीच हुआ विवाद जिला प्रशासन के अथक प्रयास से धीरे-धीरे शांत हुआ कि सोमवार एक बार फिर सतीश चंद्र कालेज में शिक्षकों व छात्रनेताओं के बीच विवाद हो गया। मामला इतना तूल पकड़ा कि छात्रों ने कॉलेज में जमकर हंगामा कर दिया, इस दौरान कालेज में रखी कुर्सियों को उछाला और तोड़फोड़ की। जिसमें चीफ प्रॉक्टर डा. मान सिंह व डॉ. देवेंद्र चुटहिल हो गए। घायल शिक्षक ने तीन छात्रनेताओं समेत 40 से 50 अज्ञात छात्रों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दिया। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
पीड़ित चीफ प्राक्टर डा. मान सिंह की माने तो छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए अमित कुमार गिरी ने नामांकन किया था। जिसका नामांकन शैक्षिक बकाया के कारण जांच समिति ने निरस्त कर दिया था। इस मामले को लेकर सोमवार की सुबह सैकड़ों छात्र कालेज पर पहुंच गए और नामांकन निरस्त के वापसी मांग के लिए दबाव बनाने लगे। जब छात्रों की दाल नहीं गली तो हाथापाई व कुर्सी चलाना शुरू कर दिये। जिसमें मैं व डॉ. देवेंद्र चुटहिल हो गए। बताया कि आरोपी नामजद छात्र कालेज के छात्र नहीं हैं। बावजूद कालेज परिसर में पहुंच कर माहौल खराब करने का काम कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।