रामगढ़-बलिहार संपर्क मार्ग पर बह रहा नाबदान का पानी तथा बाउंड्री वॉल पर चढ़कर गुजरते स्कूली बच्
मझौवां। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 से जुड़ी रामगढ़-बलिहार मुख्य संपर्क सड़क 6 महीने से बदहाल है। यह मार्ग रामगढ़, बलिहार, रामपुर और दिघार सहित लगभग 20 गांवों की लाइफलाइन है और करीब 45 हजार की आबादी इसी रास्ते से सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचती है।
बाबा भीमेश्वर नाथ मंदिर के पास पिछले पांच वर्षों से नाले की सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे यह मार्ग तालाब जैसा नजर आने लगा है।
स्थिति यह है कि स्कूली बच्चों को या तो बदबूदार पानी से होकर गुजरना पड़ता है या वे सड़क किनारे से संतुलन बनाकर चलने गुजरने के लिए मजबूर होते हैं। यह समस्या दो ग्राम पंचायतों, गंगापुर और बलिहार की सीमा पर स्थित होने के कारण और भी जटिल हो गई है। दोनों पंचायतों द्वारा जिम्मेदारी न लेने के कारण सात महीनों से जलभराव की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, वर्ष 2021 में सीसी रोड और नाले का निर्माण तो कराया गया, लेकिन रखरखाव के अभाव में नाली ओवरफ्लो हो रही है।
इसके अलावा, नौ जनवरी को सरफेस वाटर योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खोदाई के बाद सड़क को उसी हाल में छोड़ दिया गया है, जिससे जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। कार्यदायी संस्था की ओर से मरम्मत न किए जाने से राहगीरों की परेशानी और बढ़ गई है।
इस संबंध में बेलहरी ब्लॉक के बीडीओ विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को समस्या से अवगत करा दिया है और जल्द ही इसका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।