बैरिया क्षेत्र के शिवाल मठिया में फाइनल क्रिकेट मैच का उद्घाटन करते बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह
- फोटो : BALLIA
बैरिया। क्षेत्र के शिवाल मठिया के प्रांगण में आयोजित जय श्रीराम क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में बुधवार को रेवती दियरांचल एकादश की टीम ने धोनी एकादश बैजनाथपुर टीम को 77 रनों से पराजित कर सीरीज पर कब्जा कर लिया। पिछले एक पखवाड़े से चल रहे क्रिकेट प्रतियोगिता में जनपद के एक दर्जन से अधिक टीमों ने प्रतिभाग किया।
फाइनल मैच का उदघाटन बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह व भाजपा के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू द्वारा फीता काटने के साथ ही क्रिकेट खेलकर किया गया। विधायक ने बल्लेबाजी की तो जिलाध्यक्ष ने गेंदबाजी की। विधायक श्री सिंह ने टॉस उछाला जिसके बाद दियरांचल एकादश को पहले बल्लेबाजी करने का अवसर प्राप्त हुआ। निर्धारित 16 ओवर में दियरांचल एकादश ने आठ विकेट खोकर 171 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी धोनी एकादश टीम ने नौ विकेट खोकर सिर्फ 95 रन ही बना सकी और दियरांचल की टीम 77 रनों से जीती। अंपायर की भूमिका मनीष गोस्वामी व राजन पासवान ने निभाई। प्रतियोगिता के आयोजक ओमप्रकाश सिंह ने खिलाड़ियों में पुरस्कार वितरित किया। इस अवसर पर सुधांशु तिवारी, द्विग्विजय सिंह, राजकिशोर सिंह, व्रजेश सिंह, हेमनाथ यादव, भवानी सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रवीण सिंह, चंद्रशेखर भारती आदि रहे।