बलिया। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच बुधवार को नवरात्र के दूसरे दिन या देवी सर्वभूतेषु सृष्टि रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै, नमस्तस्यै नमो नम:।...के मंत्र से नगर से लेकर नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र का घर व मंदिर देवीमय हो गया। बासंतिक नवरात्र के दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी माता पूजन अर्चन किया। इस दौरान जिले के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, धूप, गुड़हल चढ़ाकर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। मां के जयकारे एवं घंटा-घडिय़ाल से मंदिर परिसर सहित पूरा क्षेत्र के देवीमय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी तादाद में महिला व पुरुष पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में बासंतिक नवरात्र के दूसरे दिन नगर के गुदरी बाजार व जापलिनगंज दुर्गा मंदिर तथा ब्रह्माइन स्थित ब्राह्मणी देवी, शंकरपुर स्थित शांकरी भवानी, फेफना थाना के कपूरी गांव स्थित कपिलेश्वरी भवानी मंदिर पर मां के भक्तों ने पूजन-अर्चन कर मन्नतें मांगी। इसके अलावा नरहीं थाना के कोरंटाडीह स्थित मंगला भवानी, रसड़ा के काली मंदिर, नीबू कबीरपुर व उचेड़ा स्थित चंडी भवानी, सिकंदरपुर के जल्पा-कल्पा मंदिर, मनियर के बुढ़ऊ बाबा मंदिर व नवका बाबा मंदिर, रेवती के पचरूखा देवी गायघाट मंदिर पर मां के भक्तों ने नारियल, चुनरी, प्रसाद चढ़ाकर परिवार के मंगलमय की कामना की। वहीं घंट-घडिय़ाल तथा मां के जयकारे से मंदिर सहित आसपास का माहौल देवीमय हो गया। लेकिन कोरोना के बढ़ रहे प्रकोप का भी असर देवी मंदिरों पर दिखने को मिल रहा है।