बलिया। अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज हरिद्वार से निकली ज्योति कलश रथ यात्रा का मुरली छपरा ब्लॉक के विभिन्न गांवों में स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने ज्योति कलश यात्रा में शामिल लोगों का माल्यार्पण कर एवं कलश यात्रा का पूजन-अर्चन कर परिवार के मंगलमय की कामना की।
यात्रा का सोनबरसा, सावन छपरा, सूर्यभानपुर, शिवपुर कपूर दियर, लालगंज बाजार, लगनटोला, लच्छू टोला, दलनछपरा, मुरली छपरा, नवानगर, श्रीपतपुर,धतूरी टोला, करण छपरा आदि गांवों में भ्रमण किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों को मनुष्य में देवत्व का उदय व धरती पर स्वर्ग के अवतरण का दिव्य संदेश दिया। यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर गायत्री परिवार के परिजनों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा ज्योति कलश का श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया गया।
इसके साथ ही लोगों को युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया गया। इस मौके पर गायत्री शक्तिपीठ के प्रमुख विजेंद्रनाथ चौबे, जिला समन्वयक रवींद्रनाथ पांडेय, दिनेश पांडेय, जय भगवान मौर्य, योगेंद्र, रजत केसरी, सचिन गुप्ता, अंकित केसरी, विश्वनाथ गुप्ता आदि मौजूद रहे। संवाद