बलिया। प्रयागराज के महाकुंभ में 29 जनवरी को मौैनी अमावस्या स्नान के लिए जिले से बड़ी संख्या में लोग निकले। साधन के लिए लोगों रेलवे स्टेशन से लेकर रोडवेज डिपो तक भटकते रहे। रोडवेज डिपो पर वर्कशाप से बस आते ही भर जा रही थी। बसों में चढ़ने के लिए लोग धक्कामुक्की व मारामारी तक हो जा रही थी। दोपहर तीन बजे के बाद बसों की कमी डिपो में हो गई। इसके चलते बस के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
परिवहन निगम की तरफ से 60 बसें प्रयागराज के लिए चलाई गईं। जिले में श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए मौनी अमावस्या पर्व पर 72 बसों को चलाने की योजना थी। इसके लिए सहारनपुर डिपो की 60 बसें भेजी गई थीं। लेकिन परिवहन निगम में बसों की कमी के चलते श्रद्धालु भटकते रहे। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में नहीं चढ़ पाने के कारण लोग रोडवेज डिपो की तरफ आए।
बसों की कमी के कारण श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घंटों बैठकर लोग बस आने का इंतजार करते रहे। एआरएम अजय कुमार ने बताया कि निगम के आदेश पर 12 बसों को रात को ही गोरखपुर भेजा गया था। वहां बसों की कमी हो गई थी। इसके चलते बसें कम हो गईं। इसके बाद भी श्रद्धालुओं को भेजने के लिए बसों का इंतजाम किया गया। ट्रेनों के निरस्त होने से यात्री रोडवेज डिपो की तरफ आ गए। इससे अधिक दबाव बना हुआ था।
-
ट्र्रेनों में चढ़ने के लिए धक्का-मुक्की, आरक्षित डिब्बों में चढ़ना मुश्किल
बैरिया। मौनी अमावस्या के मौके पर प्रयागराज में महाकुंभ स्नान करने वाले यात्रियों की भीड़ से ट्रेनों के स्लीपर से लेकर एसी तक के डिब्बे भर जा रहे हैं। सारनाथ एक्सप्रेस ट्रेन सुरेमनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर पहुंची तो कुंभ जाने वाले यात्री चढ़ने के लिए धक्का मुक्की करने लगे। पहले से ही डिब्बे में जगह नहीं थी। इसके बाद भी सुरेमनपुर में सैकड़ों की संख्या में यात्री डिब्बे में घुस गए। आलम यह रहा कि दुर्ग तक यात्रा करने वाले लोग जो दो माह पहले से आरक्षित टिकट लिए हुए थे वे ट्रेन के आरक्षित डिब्बे
में नहीं घुस सके। उन्हें अपनी यात्रा स्थगित कर लौटना पड़ा। इस बाबत स्टेशन अधीक्षक टीएन यादव ने बताया कि सिर्फ सारनाथ ही नहीं प्रयागराज की तरफ जाने वाली पवन एक्सप्रेस से लगायत पैसेंजर ट्रेनों में भी काफी भीड़ हो रही है।
000
मेला स्पेशल ट्रेनों में भीड़, यात्री परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
बेल्थरारोड। कुंभ मेला जाने के लिए ट्रेनों में भारी भीड़ के चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मेला स्पेशल ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ हो रही है। अधिकांश ट्रेनें पहले से फुल चल रही हैं। बोगियों के दरवाजे लॉक रहने से ट्रेन पर चढ़ने के लिए मारामारी और हंगामे की स्थिति बन रही है। नियमित के अलावा मेला स्पेशल ट्रेनों में पहले से यात्री भरे रहते हैं। बोगी का दरवाजा नहीं खुलने पर गुस्साए यात्री तोड़फोड़ कर रहे हैं। ट्रेनों में जगह के अभाव में बहुत से लोग यात्रा से वंचित हो रहे हैं। भटनी से झूंसी जाने वाली मेला स्पेशल ट्रेनें प्रारंभिक स्टेशनों भटनी और गोरखपुर से ही पूरी तरह भर जा रही हैं। काशी एक्सप्रेस व गोदान एक्सप्रेस की भी यही स्थिति देखी गई। उधर, कुंभ मेला जाने के लिए बसों के बारे में परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार की रात से मंगलवार दोपहर तक 60 बसों का संचालन किया जा चुका है। यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों का संचालन जारी रहेगा।