विकास की बात कहकर राहुल और अखिलेश युवाओं को ठगने में लगे हैं। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार में पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार के लिए मुंबई, दिल्ली व अन्य महानगरों में जाना पड़ता है। प्रदेश में रोजगार के संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। युवाओं का भविष्य चौपट हो रहा है। यह बातें केंद्रीय परिवहन एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को गड़वार में फेफना से भाजपा प्रत्याशी उपेंद्र तिवारी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि सूबे के हालात बिगड़ चुके है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में दवा नहीं है। जिन अस्पतालों में दवा है वहां चिकित्सकों की तैनाती तक नहीं की गई है। प्रदेश में अगर भाजपा की सरकार बनी तो हम पूरे प्रदेश में विकास की गंगा बहा देेंगे। भरौली में वाटरफ्लाई ओवर बनेगा। पूरे प्रदेश के साथ-साथ बलिया जिले का भी विकास होगा। बलिया में रोजगार के अवसर के लिए कल-कारखाने लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ बोलते नहीं हैं बल्कि करके दिखाते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ढाई साल के कार्यकाल के दौरान ही देश का चतुर्दिक विकास कार्य कराया। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो यहां के युवाओं को दूसरे प्रदेश में नौकरी के लिए नहीं जाना होगा। इस मौके पूर्व राजस्व मंत्री वीरेंद्र सिंह सिरोही, सांसद भरत सिंह, नागेंद्र पांडेय, अनूप चौबे, बृजनाथ सिंह, संजय सिंह, पवन राय आदि ने संबोधित किया। संचालन गोरक्ष प्रांत के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव ने किया।