नगरा। राशन कार्डधारकों की शिकायत पर नगरा ब्लाक के देवलबीर स्थित राजकीय सस्ते गल्ले की दुकान की जांच के बाद अनियमितता पाए जाने पर
उपजिलाधिकारी बेल्थरारोड ने दुकान को निलंबित कर दिया। देवलबीर की दुकान को त्रिलोकमंदा के कोटेदार शिवपूजन की कोटे की दुकान से संबद्ध किया गया है।
एसडीएम ने निलंबित कोटेदार नीलम सिंह को निर्देशित किया है कि वे 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण, वितरण रजिस्टर व स्टाक रजिस्टर की छाया प्रति प्रस्तुत करें। गांव के कार्डधारकों नंदलाल, दिनेश यादव, बच्चालाल राजभर, विमलेश, अनिल धर्मेन्द्र आदि ने शपथ पत्र के साथ जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि कोटेदार कार्डधारकों को समय से राशन उपलब्ध नहीं देते हैैं। माह अप्रैल एवं जुलाई 2020 में अधिकांश कार्डधारकों को ई पास मशीन पर अंगूठा लगवा कर नि: शुल्क अतिरिक्त निर्धारित खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया गया है। माह जुलाई 2020 में किसी भी कार्डधारक को अंगूठा लगवा कर अतिरिक्त खाद्यान्न वितरण नहीं किया गया है। डीएम के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बेल्थरारोड ने आपूर्ति निरीक्षक से जांच कराई थी। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद नीलम सिंह उचित दर विक्रेता देवलबीर के अनुबंध पत्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।