इंदरपुर। प्रदेश सरकार ने यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई से मान्यता प्राप्त सभी स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों से कक्षा 9-10 एवं 11-12 के छात्रों से ली जा रही मासिक ट्यूशन फीस का विस्तृत विवरण तलब किया है।
उत्तर प्रदेश शासन ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआईओएस) और मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों को निर्देश दिया है कि निर्धारित प्रारूप में जानकारी संकलित कर 8 जुलाई 2026 तक हर हाल में शासन को उपलब्ध कराई जाए। उत्तर प्रदेश शासन के संयुक्त सचिव संजय कुमार द्वारा जारी पत्र के अनुसार सभी जनपदों के स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों से कक्षा 9-10 तथा 11-12 की मासिक ट्यूशन फीस का विवरण मांगा गया है। इसके लिए एक निर्धारित प्रारूप भेजा गया है, जिसमें जनपद का नाम, विद्यालय का नाम, संबंधित बोर्ड तथा दोनों वर्गों की अलग-अलग ट्यूशन फीस का उल्लेख करना होगा। साथ ही प्रत्येक बोर्ड के विद्यालयों द्वारा ली जा रही फीस का औसत भी उपलब्ध कराया जाएगा।