बैरिया। खाद्य तेल, गैस सिलेंडर, दूध, फल सहित अन्य जरूरी सामानों के मूल्यों में भारी वृद्धि हो गई है। इसके बावजूद पिछले दो वर्षों से एमडीएम के कन्वर्जन मनी में कोई वृद्धि नहीं हुई है। अध्यापक किसी तरह छात्रों को एमडीएम का भोजन खिला रहे हैं।
मेन्यू के अनुसार स्कूली बच्चों को दोपहर को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश सरकार ने दिया है। कन्वर्जन मनी के रूप में प्राथमिक विद्यालय के छात्रों के लिए प्रति छात्र 4.97 रुपये दिया जाता है। वहीं जूनियर हाईस्कूल के लिए कन्वर्जन मनी 7.45 रुपये दिया जाता है। प्रति छात्र प्राइमरी में 100 ग्राम व जूनियर हाईस्कूल में 150 ग्राम चावल या गेहूं दिया जाता है। ऐसे में सब्जी व तहरी बनाने के लिए सरसों तेल खरीदना भारी पड़ रहा है। पिछले साल 130 रुपये प्रति लीटर सरसों का तेल था जो इस साल बढ़कर 200 रुपये लीटर हो गया है। ऐसे में प्राथमिक शिक्षक संघ कई बार कन्वर्जन मनी बढाने की मांग सरकार से कर चुका है। बावजूद इसके सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस बाबत खंड शिक्षा अधिकारी बैरिया दुर्गा प्रसाद सिंह ने कहा है कि इस संदर्भ में सक्षम अधिकारियों के माध्यम से उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर उचित कार्रवाई का आग्रह किया जाएगा।