फेफना जक्शन के समीप पटरी से उतरी मालगाड़ी।
- फोटो : BALLIA
फेफना। नवनिर्मित रेलवे ट्रैक के किनारे गिट्टी गिराते वक्त मालगाड़ी का एक डिब्बा शुक्रवार को फेफना स्टेशन के पूर्वी केबिन के समीप पटरी से उतर गया। इससे इस रूट पर डेढ़ घंटे तक गाड़ियों का आवागमन ठप रहा। बाद में पटरियों को ठीक कर रेल यातायात बहाल कराया गया। दो दिन पूर्व ही बीते बुधवार को इस नई रेल पटरी पर 110 किमी की रफ्तार से ट्रेन चलाकर ट्रायल किया गया था।
दोहरीकरण के तहत निर्मित नए रेलवे ट्रैक के किनारे रेलवे द्वारा गिट्टी गिराने का कार्य किया जा रहा है। इसी काम में लगी एक मालगाड़ी जब फेफना स्टेशन के पूर्वी केबिन के समीप पहुंची तभी एक डिब्बा पटरी से नीचे आ गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मालगाड़ी डिरेल होने से डेढ़ घंटे के लिए इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने पड़ताल की। पटरियों की मरम्मत के बाद कर्मचारियों ने वैगन को पटरी पर लाकर यातायात बहाल किया।
बता दें कि तीन फरवरी को ट्रैक के ट्रायल से पूर्व फेफना जंक्शन के पश्चिम केबिन के समीप स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नव निर्मित ट्रैक के धंसने से तीन घंटे तक फंसी थी। आनन-फानन में इसे दुरुस्त कर रेलवे सुरक्षा आयुक्त व मंडल रेल प्रबंधक की देखरेख में विलंब से ट्रायल हुआ था। इससे सड़क मार्ग भी तीन घंटे तक जाम रहा। घटना के तीसरे दिन फिर एक मालगाड़ी का पटरी से उतर जाने से नई पटरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कोई घटना नहीं हुई थी। कुछ तकनीकी खामियों के कारण कुछ समय के लिए मालगाड़ी को पूर्वी केबिन के समीप रोका गया था। - संजीव यादव, स्टेशन मास्टर, फेफना