बलिया। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में वर्तमान में प्रचलित राशन कार्डों के सत्यापन के लिए कार्मिकों की तैनाती की गई है। इसके तहत सभी कार्मिक उचित दर दुकान से संबंधित अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों की नवीनतम सूची का प्रिंट निकालकर उचित दर की दुकान पर रखेंगे। सूची को दुकान पर चस्पा करेंगे।
जिलापूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने कहा कि ने कहा एक्सक्लूजन क्राइटेरिया में सभी आयकरदाता सहित ऐसे परिवार भी आएंगे, जिसके किसी भी सदस्य के स्वामित्व में चारपहिया वाहन अथवा ट्रैक्टर, हार्वेस्टर वातानुकूलित यंत्र (एसी), पांच केवीए, उससे अधिक क्षमता का जेनरेटर हो। ऐसे परिवार जिसके किसी सदस्य के पास अकेले या अन्य सदस्य के स्वामित्व में पांच एकड़ से अधिक सिंचित भूमि है। शहरी क्षेत्रों के ऐसे परिवार, जिसके किसी सदस्य के स्वामित्व में अकेले या अन्य सदस्य के साथ 100 वर्गमीटर से अधिक स्वअर्जित आवासीय प्लाट या उस पर स्वनिर्मित मकान अथवा 100 वर्ग मीटर से अधिक कार्पेट एरिया या आवासीय फ्लैट हो। ऐसा परिवार, जिसके किसी सदस्य के कि स्वामित्व में अकेले या अन्य सदस्य के साथ 80 वर्ग मीटर या उससे अधिक कार्पेट एरिया का व्यवसायिक स्थान हो। ऐसे परिवार जिनके सभी सदस्यों की वार्षिक आय दो लाख रुपये से अधिक (ग्रामीण क्षेत्र के लिए) हो । शहरी क्षेत्र के लिए तीन लाख रुपये प्रति वर्ष से अधिक हो । ऐसे परिवार, जिनके सदस्यों के पास एक से अधिक शस्त्र लाइसेंस, शस्त्र हो । इस श्रेणी के आधार पर ग्राम सभा में यदि कोई अपात्र कार्डधारक है तो उसकी सूची भी संबंधित जांच अधिकारी या क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक को उपलब्ध कराएंगे।
बीडीओ की अध्यक्षता में गठित हुई टीम
बैरिया। राशनकार्डो का सत्यापन आगामी एक जून से सरकारी टीम घर-घर जाकर करेगी और सत्यापन के बाद अपात्र लोगों का राशनकार्ड निरस्त कर दिया जाएगा। खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सत्यापन टीम का गठन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्रीय लेखपाल, ग्राम पंचायत अधिकारी व आंगनबाड़ी की कार्यकर्ती शामिल होंगी, जो घर-घर जाकर राशनकार्ड का सत्यापन करेंगे और सत्यापन रिपोर्ट अपने उच्चधिकारियों को प्रेषित करेंगे। वहीं, नगरीय क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी के अध्यक्षता में सत्यापन टीम गठित होगी, जिसमें लेखपाल, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती व नगर पंचायत का कर्मचारी शामिल रहेगा। उपजिलाधिकारी आत्रेय मिश्र ने बताया कि ग्रामीण व नगरीय क्षेत्र के सत्यापन रिपोर्ट खण्ड विकास अधिकारी भेजेंगे, जिसे कार्रवाई के लिए जिलापूर्ति अधिकारी को प्रेषित की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक बैरिया राकेश कुमार निषाद ने बताया कि बैरिया तहसील क्षेत्र के कुल 750 कार्डधारकों ने अपना राशनकार्ड निरस्त करने के लिए स्वत: आवेदन पत्र दिए हैं।