बलिया। बकाया वसूली के लिए बिजली विभाग ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। सोमवार को बकाया जमा नहीं होने पर जल निगम कार्यालय, कालोनी व एक होटल कई बड़े बकाएदारों की बिजली काट दी। जल निगम पर 27 लाख रुपये का बकाया है।
जिले में 175088 बिजली उपभोक्ता हैं। इन पर तकरीबन 100 करोड़ रुपये का बकाया है। बार-बार नोटिस देने के बावजूद बिल जमा न करने वाले विभाग व उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत विभाग ने वसूली की कार्रवाई तेज कर दी है। अभियान चलाकर एक लाख रुपये से अधिक के बकाएदारों का कनेक्शन काटा जा रहा है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बकाया बिल वसूली के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले चार दिनों में एक होटल सहित आधा दर्जन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं। लगभग 27 लाख रुपये का बकाया होने पर जल निगम दफ्तर और कालोनी की भी बिजली काटी गई है। बेल्थरारोड में एसडीओ राजेंद्र प्रसाद के निर्देशन में वार्ड नंबर पांच में जांच की गई। दो लोगों के घरों में सीधे कनेक्शन जुड़े होने पर उपभोक्ताओं में से दो लोगों ने 25-25 हजार रुपये मौके पर जमा कराए गए और छह लोगों का कनेक्शन काटा गया। जेई अवधेश कुमार ने बताया कि छह लाख रुपये के बकाए में आठ उपभोक्ताओं की बिजली काटी गई है।