डेंगू से अब तक छह लोग काल के गाल में समा चुके हैं। शुक्रवार की शाम नगर के उमरगंज निवासी एक युवती की डेंगू के कारण वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गई।
डेंगू की चपेट में आने से सुखपुरा थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी हरदयाल गुप्त (42), सिकंदरपुर के माल्दह गांव निवासी परशुराम राम (35), सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव निवासी टुना पांडेय (34) की मौत हो चुकी है। वहीं बांसडीह के बकवां निवासी अंशू (16) व बैरिया क्षेत्र के शिपू (10) की मौत हो चुकी है। उमरगंज निवासी अंजुम (22) पुत्री मैनू भी गुरुवार को डेंगू की चपेट में आ गई। उसे जब जिला अस्पताल ले जाया गया तो चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जहां शुक्रवार की शाम मौत हो गई। इसी मुहल्ले के युसूफ जमाल और निजामुद्दीन का वाराणसी में इलाज चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए शनिवार को नगर के प्रमुख मोहल्लों बहेरी, उमरगंज, चंद्रशेखरनगर इत्यादि इलाकों में फागिंग कराई गई।सीएमएस डाॅ. जीसी मौर्या ने बताया कि डेंगू का एक मरीज जिला अस्पताल में भर्ती है। डेंगू की जांच के लिए किट उपलब्ध है।