बुधवार को जमीन के विवाद को लेकर जिलाधिकारी को पत्रक देने जाते भासपा कार्यकर्ता। अमर उजाला
- फोटो : अमर उजाला
फेफना थाना क्षेत्र के आमडारी गांव में राजभर विरादरी के लोगों को दी गई पट्टे की जमीन पर अवैध कब्जा करने को लेकर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लोगों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया। इस मौके पर जिलाधिकारी के प्रतिनिधि नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर पट्टे की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का कहना था कि फेफना थाना क्षेत्र के आमडारी गांव निवासी बचिया देवी, अनीता राजभर एवं आशिया राजभर को कई वर्षों पूर्व तहसील प्रशासन की ओर से पट्टे की जमीन दी गई थी। जमीन पर गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोगों ने अवैध रुप से कब्जा कर लिया। इस मामले में सूबे के पिछड़ा कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने जिलाधिकारी को एक पत्र लिखकर अवैध कब्जा हटाने की बात कही थी। इस भूमि पर पट्टेदारों को जमीन वापस दिलाने का निर्देश भी दिया गया था।
एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं किए जाने पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के लोगों ने कलेक्ट्रेट पर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर माइकल भारद्वाज, सुग्रीव राजभर, सुनील राजभर, बृजेश राजभर, अवधेश, उमापति, नरेंद्र राजभर, रामप्रवेश राजभर, लालजी, देवनाथ, विमला देवी, गुप्तेश्वर राजभर, इंद्रसेन आदि मौजूद रहे।