बलिया। सिकंदरपुर से सपा के विधायक मो. रिजवी की ओर से कांवड़ यात्रा पर दिए गए विवादित बयान के विरोध में अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल ने नाराजगी जताई। मालगोदाम तिराहे पर विधायक का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान सपा विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उनको बर्खास्त करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष प्रदीप रस्तोगी ने कहा कि सिकंदरपुर विधायक ने कांवड़ियों को अनपढ़ व गंवार बताकर सनातन धर्म का अपमान किया है। विधायक द्वारा सार्वजनिक मंच से की गई टिप्पणी शिव भक्तों और सनातन धर्म पर कुठाराघात है। उन्होंने कहा कि विधायक को जब तक बर्खास्त नहीं किया जाता है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर बबलू पटना, अरविंद ठाकुर, आशुतोष ठाकुर, चंदन मिश्रा, विशाल पांडेय आदि रहे।
सपा विधायक का पुतला जलाया
सिकंदरपुर। सपा विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी के कांवड़ यात्रियों को अनपढ़, गंवार और अंधविश्वासी बताने वाले बयान का विरोध थम नहीं रहा है। मंगलवार को विधायक के पैतृक गांव सिवान कला में ग्रामीणों ने जुलूस निकालकर नारेबाजी की और विधायक का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक का यह बयान आस्था पर सीधा प्रहार है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। उधर, विधायक दो दिन पूर्व अपने बयान पर माफी मांगी चुके हैं। विरोध प्रदर्शन में दीपेंद्र राजभर, मुकेश वर्मा, शैलेंद्र, कृष्ण, बिस्वजीत, अभिषेक, अर्जुन, मोहित राजभर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।