दुबहर। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने पिछले दिनों बजट सत्र के भाषण के दौरान शहीद-ए-आजम मंगल पांडेय के पैतृक गांव नगवां में राष्ट्रीय स्मारक बनाने की मांग की थी। इसको लेकर ग्रामीणों सहित जनपदवासियों ने स्वागत किया है।
बुधवार को नगवां के प्रधान प्रतिनिधि एवं प्रधान संघ के मंडल अध्यक्ष विमल पाठक की अध्यक्षता में अखार ढाले पर हुई मंगल पांडेय विचार मंच की बैठक में सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के इस प्रयास की भूरि-भूरि सराहना की गई। बैठक को संबोधित करते हुए विमल पाठक ने कहा कि बलिया के इतिहास में पहली बार किसी क्षेत्रीय सांसद ने शहीद-ए-आजम मंगल पांडेय के पैतृक गांव में राष्ट्रीय स्मारक बनाए जाने की पहल की है। जिसका तहे दिल से स्वागत पूरे जिले के लोग कर रहे हैं । मंगल पांडेय विचार मंच के अध्यक्ष कृष्णकांत पाठक ने कहा कि जिले के जनप्रतिनिधि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सम्मान में दो कदम चलते हैं तो यह उनका सार्थक प्रयास है, क्योंकि इससे देश-विदेश सहित अन्य जगहों से आने वाले लोगों को मंगल पांडेय के बारे में सच्ची जानकारी तथा उनकी कुर्बानी से प्रेरणा मिलती रहेगी। इस मौके पर अखार के प्रधान प्रतिनिधि सुनील सिंह, जनाडी के प्रधान घनश्याम पांडेय, प्रधान संघ दुबहर के अध्यक्ष विनोद सिंह, गणेश सिंह, अरुण सिंह,पन्नालाल गुप्ता, राजू मिश्र, अख्तर अली, डॉक्टर हरेंद्र नाथ यादव, उमाशंकर पाठक, डॉ सुरेश प्रसाद, रमेश चंद गुप्ता, अजय पांडेय, रविंद्र तिवारी, ज्ञान प्रकाश मिश्रा, नितेश पाठक सहित कई गांव के प्रधानगण उपस्थित रहे।