बलिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज ने वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यदायी संस्था द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों को परखा। निर्माण कार्य में कमियां मिलने पर कार्यदायी संस्था को हर हाल में 28 फरवरी तक पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान कांटेदार बाड़, पुराने जिम परिसर की मैटिंग, स्प्रिंकलर सिस्टम, माइल्ड स्टील के दरवाजे, जिम हॉल के लिए मच्छरदानी नहीं मिली। चेंजिंग रूम का कार्य अधूरा मिला। वहीं, ग्राउंड की मिट्टी भराई का तरीका सही नहीं मिला। प्रवेश द्वार तक संपर्क सड़क भी बनाई नहीं गई थी। शौचालय परिसर में विद्युत कनेक्शन तक नहीं था।
कहा कि कार्यदायी संस्था 28 फरवरी तक अधूरा कार्य पूरा करे। उसके बाद स्टेडियम को खेल विभाग, बलिया को सौंपा जाएगा। बताया कि अनुबंध में उल्लिखित दंड प्रावधानों के तहत घटिया कार्य के लिए ठेकेदार पर दंड लगाया जा सकता है। स्टेडियम के विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला खेल अधिकारी को निर्देशित किया कि नए जिम्नेशियम के लिए निदेशालय से आवश्यक वस्तुओं की सूची की मांग करें।