उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बेकाबू कार की चपेट में आने से साइकिल सवार दो लोगों की मौत हो गई। गड़वार थाना क्षेत्र के कुरेजी गांव स्थित टॉवर के पास हादसा शुक्रवार की देर रात को हुआ। शनिवार सुबह घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चोगड़ा चट्टी पर चक्काजाम कर दिया। एसडीएम रसड़ा और एसएचओ राजीव कुमार ने घंटों मशक्कत कर जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के सवन निवासी हरिचंद राम (40) और राजू (18) शुक्रवार की शाम मजदूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। दोनों कुरेजी स्थित टॉवर के पास पहुंचे थे कि नगरा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया। हादसे में हरिचंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
राजू को गंभीर अवस्था में आस-पास के लोगों ने निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नाराज लोगों ने शनिवार सुबह चोगड़ा चट्टी पर जाम लगा दिया। एसडीएम रसड़ा और एसएचओ राजीव कुमार ने घंटों मशक्कत कर जाम खुलवाया।