दया छपरा। दो दिन से लापता वृद्धा की मौत के बाद शव को कुछ लोग झाड़ी में फेंक रहे थे। इस दौरान एक बालक ने देख लिया। बालक के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप है कि वृद्धा की मौत केले के खेत कंटीले तार में प्रवाहित करंट की चपेट आने से हुई है। शव को झाड़ी में छिपाने की कोशिश की जा रही थी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटे सूर्यबली यादव ने बताया कि उसकी मां बियफी देवी (65) पत्नी दीनानाथ यादव गांव में दूध और दही बेचती थीं। मंगलवार से लापता थीं। बताया कि गांव के एक खेत में केले की खेती की गई है। कंटीले तार से खेत की घेरेबंदी की गई है। खेत मालिक ने तार में करंट प्रवाहित किया है। आरोप लगाया कि केले के खेत में घुसते समय करंट की चपेट में आने से उसकी मां की मौत हुई है। खेत की रखवाली करने वाले बृहस्पतिवार को शव को झाड़ी में छिपाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान गांव के एक बालक ने देख लिया। क्षेत्राधिकारी बैरिया उस्मान ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की तहरीर नहीं मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।