हनुमानगंज। सुखपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा हनुमानगंज निवासी श्रवण (22) पुत्र बब्बन का शव गुरुवार की सुबह हनुमानगंज स्थित शराब भट्टी के समीप पोखरे में उतराया मिला। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सिकंदरपुर-बलिया मार्ग को हनुमानगंज चट्टी पर करीब एक घंटे तक जाम कर दिया और रात 10 बजे के बाद शराब की दुकान खुलने पर दुकानदार के विरुद्घ सख्त कार्रवाई तथा परिजनों को मुआवजा देने की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही हनुमानगंज चौकी प्रभारी व सुखपुरा थानाध्यक्ष तत्काल हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
थाना क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी श्रवण पुत्र बब्बन बुधवार की देर रात अपने घर से किसी कारण बस निकला था। इसकी परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं अता-पता नहीं चल सका। गुरुवार की सुबह शराब भट्टी के पास स्थित पोखरे में युवक का शव उतराया मिला। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के पिता बब्बन के नेतृत्व में बलिया-सिकंदरपुर मार्ग को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। उन्होंने देर रात तक शराब की दुकान खोलने के विरुद्घ कार्रवाई तथा मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा पोखरे के पास से शराब की दुकान को दूर हटाने की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो सके।