चिलकहर। रक्षाबंधन के दिन से लापता महिला का मंगलवार को वीरपुर तकिया स्थित ताल में शव मिला। मछली पकड़ रहे युवकों में सुबह शव देखकर पुलिस को सूचना दी। गड़वार थाने की पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई। दो घंटे बाद महिला की पहचान गड़वार थानाक्षेत्र के छोटकी हथौड़ी गांव निवासी के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छोटकी हथौड़ी गांव निवासी जितालू देवी (42) पत्नी भानुप्रताप चौहान रक्षाबंधन की रात्रि से ही घर से लापता थी। परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार को सुबह गांव से पांच किलोमीटर दूर पर वीरपुर-तकिया स्थित ताल के किनारे विवाहिता का शव मिला। शव की शिनाख्त नहीं हो पा रही थी। दो घंटे बाद जब आसपास के लोगों में चर्चा हुई तो परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। उसे एक पुत्र और एक पुत्री है। शव को देखने से लग रहा था कि दो दिन पहले उसकी मौत हुई है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि भतीजे की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। महिला मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है।