रतसर। गड़वार थाना क्षेत्र के बाराबांध गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव पंखे की हुक के सहारे फंदे से लटकता पाया गया। घटना की जानकारी होते ही गांव के लोग जुट गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के बाराबांध गांव निवासी अमित राजभर उर्फ गोलू (25) अपने चाचा उदेशी राजभर के साथ टेंट लगाने का कार्य करता था। टेंट का सारा सामान उसके घर के बगल में स्थित दूसरे के मकान के एक कोठरी में रखा जाता है जिसकी रखवाली के लिए अमित वहीं पर सोता था। प्रतिदिन की तरह वह बृहस्पतिवार की रात भी नौ बजे खाना खाने के बाद रखवाली करने के लिए टेंट वाली कोठरी में सोने चला गया। शुक्रवार की सुबह उसकी छोटी बहन रीमा (13) उसे जगाने के लिए गई और कोठरी का दरवाजा खोला तो वहां पंखे की हुक में शाल के सहारे अमित को फंदे से लटकता देख डर गई और चिल्लाने लगी। उसने घर जाकर मां रंभा देवी को घटना की जानकारी दी। आननफानन में परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो अमित को फंदे से लटकता देख सन्न रह गए। परिजनों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी रतसर रामअवध घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक के चाचा उदेशी राजभर के तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव का पंचनामा कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
-
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
रतसर। नववर्ष के पहले दिन जहां लोग खुशियां मना रहे थे वहीं अमित राजभर की मौत से परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा। अमित के छोटे भाई टेंगर राजभर, छोटी बहन रीमा तथा मां रंभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों रोते-रोते बेसुध हो जा रहे थे। मां रम्भा देवी ने बताया कि नया साल मनाने के लिए अमित बाजार से सामान लाकर दिया था। उसने कहा था कि कल घर में विशेष पकवान बनवाकर नया साल मनाएंगे।