नए साल पर नगर के हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में फूलों की खरीदारी करती युवती।
- फोटो : BALLIA
बलिया। कोरोना के कारण भले ही वर्ष 2020 अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन नूतन वर्ष 2021 के आगमन और कोरोना से मुक्ति के लिए शुक्रवार को जनपदवासी नई ऊर्जा, उम्मीद और संकल्प के साथ-साथ आस्था से लबरेज दिखे। यही कारण रहा कि साल के पहले दिन लोगों ने अपनी कुशलता के लिए ईश आराधना को काफी तवज्जो दिया। दिनभर मंदिरों में लोगों का तांता लगा रहा। सभी कोरोना से मुक्ति तथा जनजीवन के पटरी आने की प्रार्थना करते दिखे। कोरोना काल में साल के पहले दिन का आगाज कारोबारी नजरिए से भी उत्साहजनक रहा। किराना, दूध, केक, मिठाई, आटो मोबाइल सेक्टर ने ठीकठाक व्यवसाय किया। सराफा, कपड़ा, फुटवियर, इलेक्ट्रॉनिक आदि का बाजार भी संतोषजनक रहा। व्यापारियों को अब बस कोरोना की वैक्सीन का इंतजार है, ताकि व्यापार में डर का माहौल खत्म हो। सराफा बाजार में शुक्रवार को भी सोना और चांदी की कीमतों में कोई घटबढ़ देखने को नहीं मिली। बावजूद इसके, बाजार में कारोबार संतोषजनक रहा। उम्मीद है कि खरमास बाद आभूषणों की मांग बढ़ेगी। इसकी पूर्व तैयारी दो जनवरी के बाद शुरू हो जाएगी। स्टॉक बनाने के लिए आभूषण विक्रेता थोक मंडी से सोना और चांदी की खरीदारी करेंगे। इसलिए कीमतों में मामूली वृद्धि भी हो सकती है। लिहाजा निवेशक इससे पूर्व ही सोना और चांदी में निवेश करने में जुट जाएंगे।
नए साल पर विजय सिनेमा रोड स्थित फूल की दुकान पर फूलों की खरीदारी करती युवतियां।- फोटो : BALLIA