बलिया। शहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुर महावल स्थित मनसा बाबा स्थान के पास से शुक्रवार को लापता छह वर्षीय बालिका की हत्या कर दी गई। उसका शव पास के ही एक अहाते में मिला। कोतवाल बालमुकुंद मिश्रा, सीओ सिटी भूषण वर्मा, एएसपी विजय त्रिपाठी व एसपी राजकरन नय्यर ने सर्विलांस टीम के साथ जा कर छानबीन की, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगा। बालिका के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
रेवती कस्बा निवासी सुरेश वर्मा परिवार संग मनसा बाबा स्थान से कुछ दूरी पर किराये के मकान में रहते हैं। उसकी छह वर्षीय पुत्री अनन्या शुक्रवार की दोपहर दो बजे लापता थी। काफी छानबीन के बाद भी उसका सुराग नहीं मिलने पर कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। शनिवार सुबह मनसा बाबा स्थान के पास एक अहाते में लोगों ने बालिका का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सुरेश के परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। बालिका प्राइमरी स्कूल रामपुर महावल में कक्षा एक में पढ़ती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालिका की अंगुली, नाक, कान पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कह रही है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस बाबत एएसपी विजय त्रिपाठी ने बताया कि बालिका के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिन दो लोगों पर शंका जाहिर की गई है उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नोकझोंक
शहर कोतवाली क्षेत्र के मनसा बाबा स्थान के पास एक हाते में छह वर्षीय बालिका का शव मिलने के मामले में जिला अस्पताल पहुंचे स्वर्णकार संघ के पदाधिकारियों व परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान पदाधिकारियों व पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। अंत में कोतवाल के समझाने पर लोग शांत हुए। अंतिम संस्कार महावीर घाट पर किया गया।