पूर। पकड़ी थाना क्षेत्र के गढ़मलपुर गांव में मंगलवार की देर शाम एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। पिता ने थाने में तहरीर देकर जहरीली शराब के सेवन से बेटे की मौत होने का आरोप लगाया है।
शिवमंगल राम ने तहरीर में उल्लेख किया है कि मेरा पुत्र आनंद प्रकाश (45) दिल्ली में रहकर पेंटिंग का कार्य करता था। वह कुछ दिन पहले ही अपने गांव गढ़मलपुर आया था। मंगलवार की सुबह घर से खाना खाने के बाद निकला। लेकिन पूरे दिन उसका पता नहीं चला। हम लोगों ने सोचा किसी से मिलने गया होगा। इसी बीच शाम को करीब 7.30 बजे गढ़मलपुर निवासी निरंजन शर्मा ने सूचना दी कि मेरे खेत के बीच में आपका लड़का आनंद बेहोश पड़ा हुआ है। इसके बाद हम लोग मौके पर पहुंच उसे उठाकर अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। उधर, गांव वालों की माने तो जहां पर वह गिरा पड़ा था उससे 100 मीटर की दूरी पर ही भांटी गांव में सरकारी देशी शराब की दुकान है और वहीं से वह शराब पीया था। उसके बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ी और उसकी मृत्यु हो गई। उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक पकड़ी योगेश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहना ठीक होगा।