बलिया। स्टेशन पर डाउन पवन एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में शनिवार को एक अधेड़ का शव मिला। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं सकी थी।
बताया जाता है कि गोरखपुर कंट्रोल से बलिया जीआरपी को सूचना मिली की पवन एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर बोगी में एक अधेड़ अचेतावस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जीआरपी अलर्ट हो गई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर जैसे ही ट्रेन रुकी राजकीय रेलवे पुलिस ने चिह्नित बोगी की तलाशी लेने में जुट गई। इसी दौरान एस-4 और एस-5 कोच के बीच में एक अधेड़ गिरा मिला, जिसे पुलिस ने बाहर निकाला। जांच पड़ताल के दौरान रेलवे के चिकित्सक ने अधेड़ को मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर काफी कम कपड़े थे और अर्धनग्न अवस्था में था। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। इस बीच पवन एक्सप्रेस करीब आधा घंटा तक स्टेशन पर ही खड़ी रही।
कंट्रोल की सूचना पर पवन एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी से एक अधेड़ का शव बरामद किया गया है। शव को अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
- शिव वचन यादव, थाना प्रभारी, जीआरपी, बलिया।