बलिया। जिले में रसोई गैस की किल्लत दूर कराने को उपभोक्ताओं को काफी संघर्ष करना पड़ रहा है। एजेंसियों की तरफ से अब कतार में खड़े उपभोक्ताओं को टोकन दिया जा रहा है।
वितरण के पहले कतार में खड़े 100 से 150 उपभोक्ताओं को ही सिलिंडर प्रदान किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को नए नियम से कुछ आराम तो मिल रहा है लेकिन सिलिंडरों की टोकन से अधिक उपभोक्ता होने वालों को वापस लौटना पड़ रहा है। सिलिंडर के लिए लोग आधी रात से ही कतार में लग जा रहे है। विकास कुमार ने बताया कि काम काज छोड़कर सिलिंडर की जुगाड़ में लगना पड़ रहा है। इससे काफी दिक्कत हो रही है। अनूप कुमार ने बताया कि टोकन के बाद लाइन में होने के कारण वापस लौटना पड़ा। एजेंसी संचालक अभिज्ञान तिवारी ने बताया कि टोकन की व्यवस्था की गई है। इससे उपभोक्ताओं को पता होगा कि गोदाम पर कितना सिलिंडर है। अनावश्यक किसी को परेशान नहीं होना पड़ेगा। वहीं, कर्मचारियों को भी वितरण करने में आसानी होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा ने बताया कि घरेलू गैस की दिक्कत नहीं है। एजेंसियों पर गाड़ियां लगातार आ रही हैं। जल्द ही 20 प्रतिशत कामर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति भी होने लगेगी।