बलिया। क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव 2026-27 में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तस्वीर साफ हो गई है। बृहस्पतिवार को नाम वापसी के निर्धारित दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया। ऐसे में विभिन्न पदों पर दाखिल सभी नामांकन चुनाव मैदान में बने हुए हैं। कुल 35 प्रत्याशियों के बीच अब आठ सितंबर को मतदान होगा।
चुनाव अधिकारी हरेंद्र सिंह की ओर से जारी सूची के मुताबिक अध्यक्ष पद पर ओंकार सिंह, शैलेष सिंह, शेषनाथ तिवारी और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के बीच मुकाबला है। महासचिव पद पर त्रिभुवन यादव, राधेश्याम पांडे, मिथिलेश सिंह, चमन भुवाल सिंह और सुशील श्रीवास्तव मैदान में हैं। दोनों प्रमुख पदों पर किसी प्रत्याशी के नाम वापस नहीं लेने से मुकाबला बहुकोणीय बना हुआ है।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप श्रीवास्तव, जबकि 10 वर्ष से अधिक की सदस्यता वाले उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए गीतेश पांडे, अर्चना पांडे और पिंकी तिवारी दावेदार हैं। 10 वर्ष से कम की सदस्यता वाले उपाध्यक्ष पद पर भैया आदर्श सिंह, रणजीत प्रकाश त्रिपाठी, देवेंद्र कुमार, देवेंद्र यादव और बलवंत सिंह के बीच चुनाव होगा।
कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार पांडे और अभयनाथ चौहान आमने-सामने हैं। संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए शिवजी चौबे, मिथिलेश कुमार सिंह और प्रमोद कुमार ने नामांकन किया है। वरिष्ठ कार्यकारिणी के छह तथा कनिष्ठ कार्यकारिणी के छह पदों के लिए भी प्रत्याशियों ने दावेदारी बरकरार रखी है। नाम वापसी न होने से अब चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशी अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। आठ सितंबर को मतदान के बाद परिणाम से तय होगा कि एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी की कमान किसके हाथ होगी।