फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पत्नी की हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया

Wed, 26 Aug 2015 10:32 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला बलिया
विज्ञापन
विज्ञापन
कुसहर स्थित नट बस्ती में पांच दिन पूर्व एक शराबी व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर उसका शव चार किलोमीटर दूर ले जाकर जमीन में गाड़ दिया। घटना का कारण पता नहीं चल पाया है। बुधवार को पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इस मामले में महिला के भाई ने पति समेत चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


कुसहर स्थित नट बस्ती निवासी घुठानी अपनी पत्नी सैरून (36) और सास के साथ पांच दिन पहले देर शाम रेवती से शराब पीकर घर लौट रहा था। रास्ते में किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया। इसके बाद घुठानी तो घर आ गया, लेकिन पत्नी किसी काम से रास्ते में ही रुक गईं।

कुछ देर बाद घुठानी घर से धारदार हथियार लेकर पहुंचा और पत्नी की हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसका शव गांव से चार किलोमीटर दूर ले जाकर मुड़ीकटवा नाले के किनारे गाड़ दिया। इधर, किसी ने यह सूचना सैरून के मायके में दे दी। वहां से उसका भाई समतुल कुसहर गांव पहुंचा।
विज्ञापन


उसने घटना की जानकारी लेने के बाद सहतवार थाने में तहरीर दी। कुछ ही देर में यह खबर उच्चाधिकारियों को लगी। इसके बाद कई थानों की पुलिस मुड़ीकटवा नाले के पास पहुंच गई। पुलिस को उस स्थान का पता आसानी से लग गया क्योंकि जंगली जानवरों ने शव का कुछ हिस्सा जमीन से बाहर निकाल दिया था।

शव गाड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने बांसडीह के नायब तहसीलदार भंडारी प्रसाद, पूर्व विधायक शिवशंकर चौहान सहित इलाके के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शव जमीन से निकलवाया।

मामले में पुलिस ने घुठानी सहित चार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है। आरोपी फरार हैं। एसओ सहतवार सुरेश सिंह ने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें