भीमपुरा बाजार अंतर्गत एक सराफा की दूकान में रविवार रात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर रखे चार हजार रुपये नकदी सहित चार लाख के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।
चोर तिजोरी भी उठा ले गए हैं। कारोबारी की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उधर बाजार में चोरी की घटना से इलाके के कारोबारियों में दहशत है। व्यापारियों ने चोरी की वारदात के लिए पुलिस की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है।
मऊ निवासी भरत वर्मा की आभूषण की दूकान भीमपुरा बाजार अंतर्गत विपुल कुमार सिंह के मकान में है। प्रियांशु एंड ब्रदर्स के नाम से संचालित दूकान को प्रतिदिन की तरह भरत ने रविवार को भी देर शाम बंद कर दिया।
इसके बाद घर चला गया। उसी रात चोरों ने मौसम खराब होने का लाभ उठाते रात में शटर तोड़कर दूकान के अंदर घुस गए। फिर अंदर रखी लोहे की तिजोरी को उखड़कर लेते गए।
तिजोरी को दूकान से करीब 500 मीटर दूर गेहूं के खेत में ले गए, जहां आलमारी तोड़कर तीन किलो चांदी, 40 ग्राम सोना और चार हजार नकदी लेकर चले गए। सोमवार सुबह विपुल कुमार सिंह जब अपनी दवा की दूकान खोलने पहुंचा तो आभूषण की दूकान के शटर का ताला टूटा देख सन्न रह गया।
आसपास के दूकानदारों को बुलाया और तत्काल घटना की सूचना भरत वर्मा को दी। भरत ने जब शटर खोला तो तिजोरी गायब थी।
घटना की सूचना पीडि़त ने तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद भरत की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। इस चोरी की घटना से दूकानदारों में भय व्याप्त है। इस बाबत एसओ भीमपुरा दीप नारायण सरोज ने कहा कि पुलिस जल्द मामले का खुलासा करेगी।
उधर फेफना संवाददाता के अनुससर कस्बा निवासी सुरेंद्र प्रसाद के दरवाजे से रविवार रात चोर बाइक उठा ले गए। सुरेंद्र प्रतिदिन की तरह दरवाजे पर बाइक खड़ी कर सोने चले गए। रात में चोरों ने बाइक गायब कर दी। सुबह उन्होंने फेफना थाने में तहरीर दी।