सागरपाली रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे अराजकतत्वों ने अप एक्सप्रेस ट्रेन के गार्ड को पत्थर मारकर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने घायल गार्ड को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच ट्रेन करीब दो घंटे तक खड़ी रही। घायल गार्ड की जगह मालगाड़ी के गार्ड को भेजा गया। आरपीएफ ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बलिया रेलवे स्टेशन से 15231 अप गोंदिया एक्सप्रेस 23.15 बजे वाराणसी की तरफ रवाना हुई।
ट्रेन सागरपाली रेलवे स्टेशन के समीप पहुंची ही थी कि किसी ने चेन पुलिंग कर दी। गार्ड अजय कुमार मोहन वैक्यूम ठीक कर जैसे ही डिब्बे में पहुंचे, उनके उपर किसी ने पत्थर मार दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गए। इसकी सूचना तत्काल बलिया आरपीएफ को दी गई। सूचना पर पहुंचे आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर संजय कुमार पटेल ने घायल गार्ड को जिला अस्पताल पहुंचाया। इस बीच ट्रेन करीब दो घंटे सात मिनट तक खड़ी रही। बाद में बलिया से मालगाड़ी के गार्ड एके तिवारी को घायल गार्ड की जगह भेजा गया। तब जाकर गाड़ी गंतव्य को रवाना हो सकी।
आरपीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार राय ने बताया कि गार्ड का उपचार करा कर घर भेज दिया गया है। अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस सिलसिले में जांच पड़ताल की जा रही है। जो भी दोषी मिला, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।