टकरसन गांव की प्रधान देवांती देवी के पौत्र चंद्रप्रकाश यादव (23) की शुक्रवार की रात घर से बुलाकर पेट्रोल पंप के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई। यही नहीं, हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव के पास लोडेड तमंचा, पांच खोखे भी रख दिए गए। वारदात के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। घर वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी है। घटनास्थल का एसपी ने निरीक्षण किया।
बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के टकरसन ग्रामसभा की ग्राम प्रधान देवांती देवी का पौत्र और राम बिहारी यादव का पुत्र चंद्रप्रकाश यादव शुक्रवार की रात अपने घर पर सो रहा था। करीब साढ़े 10 बजे गांव के ही किसी व्यक्ति ने फोन कर उसे टकरसन पेट्रोल पंप पर बुलाया।
थोड़ी देर बाद ही किसी ने घर वालों को सूचना दी कि चंद्रप्रकाश ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। घर वालों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से एक लोडेड तमंचा, पांच खोखे, चंद्रप्रकाश का मोबाइल और बाइक बरामद की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस वारदात को लेकर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन शुरुआती जांच में इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। घटनास्थल का पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह, एएसपी केसी गोस्वामी आदि ने जायजा लिया। कबीना मंत्री नारद राय ने ग्राम प्रधान के घर पहुंचकर उनके परिवार को ढांढस बधाया। घर वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी है। बांसडीहरोड के एसओ विनीत राय ने बताया कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।