थाना क्षेत्र के बघेंवा गांव में शनिवार की रात सेंधमारी कर चोरों ने रामनाथ वर्मा के घर से लगभग डेढ़ लाख रुपये के सामानों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गये सामानों में लगभग एक लाख के जेवर एवं पचास हजार के फूल के बर्तन हैं। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने मौका मुआयना कर पीड़ित परिवार को चोरी का शीघ्र खुलासा करने का आश्वासन दिया ।
प्रतिदिन की भांति रामनाथ वर्मा के घर वाले खाना खाकर सोने चले गए। आधी रात को चोर घर के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगा कर अंदर घुसे और तीनों बड़े बक्से लेकर चले आए। घर से 200 मीटर की दूरी पर घर से पश्चिम खेत में लाकर बक्सों को तोड़ डाला। फिर बक्से के सामानों में कपड़ों को तो वहीं तितर-बितर कर दिया
जबकि जेवर जिसमें एक अदद मंगलसूत्र, सिकड़ी, कान की बालियां, अंगूठी, चांदी के आधा किलो की हंसुली, पैर का छाड़ा के साथ फूल के एक दर्जन बर्तन लेकर चोर चले गये। घटना की जानकारी परिजनों को सुबह उस समय हुई, जब पड़ोस के लोगों ने खेत में बिखरे कपड़ों एवं टूटे बक्सों की सूचना दी ।