ब्रह्मपुरी में शनिवार सरेशाम नकाबपोश बदमाशों ने गोलियां बरसाकर एक व्यापारी की हत्या कर दी। ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास अफरातफरी मच गई। दुकान के बाहर खड़े लोग जान बचाकर भागे। वहीं, वारदात के बाद भाजपा नेताओं और व्यापारियों में आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने ब्रह्मपुरी और आनंद अस्पताल में भारी फोर्स तैनात कर दी। हत्या के पीछे कमेटी, कैसिनो या फिर रंगदारी का मामला हो सकता है। हालांकि, पुलिस हत्या के कारणों को लेकर अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
ब्रह्मपुरी स्थित शास्त्री की कोठी के पास विशाल उर्फ राजू (40) पुत्र रामानंद और उसके भाई बॉबी की बीके कन्फेक्शनरी के नाम से दुकान है। रात करीब आठ बजे राजू दुकान पर बैठे थे। इस दौरान दो स्कूटी से छह नकाबपोश बदमाश दुकान पर पहुंचे। राजू से गाली-गलौज करते हुए बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इसमें उन्हें तीन गालियां लगीं। जिसमें से एक गोली सीने, एक हाथ और एक पैर में लगी। जानकारी पर परिजन दुकान पहुंचे। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राजू को केएमसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें तुरंत आनंद अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां डॉक्टरों ने राजू की मौत की पुष्टि की।