बैरिया थाना क्षेत्र के दयाछपरा ग्राम स्थित हरखू ब्रह्मबाबा स्थान पर बुधवार की रात चोरों ने सामुदायिक भवन में सो रहे साधु को चौकी में बांधकर भवन में रखे 40 हजार रुपया लूटकर बदमाश भाग निकले। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
हरखू बाबा स्थान पर दो माह पहले एक साधु शंभू दास जी महाराज आए है। मंदिर के निर्माण के लिए भक्तों से चंदा इकट्ठा कर टाइल्स लगाने का कार्य चल रहा था। इसी बीच बुधवार की मध्य रात्रि छह-सात की संख्या में आए सशस्त्र बदमाशों ने सामुदायिक भवन के बाहर सो रहे दयाछपरा निवासी बच्चालाल वर्मा को जगाकर पीटते हुए दहशत फैला दी। बदमाशों ने असलहे से आतंकित करते हुए अंदर कोठरी में सो रहे शंभू दास को चौकी में बांध दिया।
कमरे के रैक पर रखे सामान को तितर-बितर करने के बाद आलुओं के बीच में रखा चंदे का 40 हजार रुपया लेकर भाग गए। जबकि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार के घटना संदिग्ध लग रही है। साधु नौरंगा निवासी शिवदास उसी वक्त चबूतरे पर बैठकर कीर्तन कर रहे थे जिसे बदमाशों ने कुछ नहीं कहा। घटना की तहरीर गुरुवार की सुबह पुलिस को दे दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।