दुबहर ब्लाक के जमुआ गांव में तैनात रोजगार सेवक लक्ष्मण ने अपने विभाग के बारे में एक और खुलासा किया है। उसने सीएम योगी को पाती भेज कहा कि दुबहर ब्लाक अंतर्गत दोपही में मुझे अतिरिक्त चार्ज दिए जाने के बावजूद इसी गांव में किसी और की तैनाती दिखाकर मानदेय की बंदरबांट की जा रही है।
सीएम को भेजी पाती में कहा है कि 27 अप्रैल को खंड विकास अधिकारी अभिषेक कुमार त्रिपाठी ने मुझे रिक्त ग्राम पंचायत दोपही का अतिरिक्त चार्ज दिया। लेकिन ब्लाक कर्मियों द्वारा अतिरिक्त चार्ज देने के बावजूद कूटरचित तरीके से दोपही में मिंटू देवी का फर्जी तैनाती दिखाकर जिला मुख्यालय पर सूची व मानदेय का बंटवारा किया जा रहा है। जिसकी शिकायत एक जनवरी को जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार मनरेगा, परियोजना निदेशक से की गई।
लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में काम मुझसे अतिरिक्त चार्ज देकर लिया जा रहा है। जबकि इस गांव के नाम किसी और रोजगार सेवक जो सालों से गायब है तथा 2014 की सूची में जिसका नाम गायब है, उसे अचानक मेरे अतिरिक्त चार्ज वाले गांव में दिखाकर मानदेय की बंदरबांट की जा रही है। वर्तमान में दुबहर ब्लाक में सिर्फ 35 रोजगार सेवक ही है। जबकि मानदेय 40 का उठाया जा रहा है। उन्होंने इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।