चंपावत के कई इलाकों में बंदरों की दहशत
- फोटो : अमर उजाला
सुखपुरा थाना क्षेत्र के हनुमानगंज चट्टी पर बुधवार की सुबह बंदरों की उछलकूद से छत की रेलिंग गिर गई जिसकी जद में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोग उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे। इसी बीच युवक ने दम तोड़ दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण के लिए भेज दिया। खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा गांव निवासी शैलेश सिंह (35) सुखपुरा थाना क्षेत्र के जीराबस्ती खादी ग्रामोद्योग के पीछे स्थित अपनी जमीन पर घर बनवा रहे थेे।
मजदूर के विलंब होने पर वह किसी कार्य के लिए हनुमानगंज चट्टी पर चौहान भवन के समीप बने चबूतरे पर पेपर पढ़ने लगे। तभी उनके ऊपर स्थित छत पर बंदरों का झुंड पहुंच खेलने लगा। इसी बीच छत की रेलिंग टूटकर शैलेश के सिर पर गिर गई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अभी लोग उन्हें अस्पताल ले जाते कि उन्होंने कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।