शहर के बहादुरपुर के पास हुआ सड़क हादसा
- फोटो : अमर उजाला
बलिया शहर क्षेत्र के बहादुरपुर के पास एक बेकाबू स्कार्पियो ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार कोटेदार समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। यह हादसा मंगलवार देर रात हुआ।
सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लिलकर गांव निवासी कोटेदार ईश्वर प्रसाद राय (55) और इसी गांव के अजय राय (40) देर रात शहर से एक कार्यक्रम से बाइक से अपने गांव जा रहे थे। इनके साथ श्रीराम बिहार कालोनी निवासी राजेश कुमार (45) भी अपनी बाइक से थे।
जैसे ही तीनों बहादुरपुर के पास पहुंचे कि सामने से तेजगति से आ रही स्कार्पियो ने इन्हें टक्कर मार दी। बेकाबू स्कार्पियों ने भागने के प्रयास में सड़क पार कर रहे अभय(28) को भी टक्कर मार दी। जिससे अभय कुमार व ईश्वर प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राजेश और अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से अजय राय को वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने स्कार्पियो और चालक को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। मृतक अभय की बहादुरपुर चट्टी पर मिठाई की दूकान है।
बता दें कि ईश्वर प्रसाद राय के भतीजे संदीप दत्त राय का तिलक 21 तथा 23 फरवरी शादी होना सुनिश्चित था। उनकी मौत से परिवार में खुशी की जगह मातम छाया हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी के अलावा पांच पुत्रियों को छोड़ गए। पत्नी समेत पूरे परिवार का रोते-रोते बुराहाल है।